वैसे मुझे पंजाबी बिल्कुल भी नहीं आती और मैं पंजाबी गानों का उतना बड़ा शौक़ीन भी नहीं इसलिए इस विषय पर लिखने का कायदे से मुझे कोई अधिकार नहीं लेकिन भांगड़े की ताल पर नाचना किसे नहीं पसंद, इसलिए इस विषय पर कुछ लिखने का मन था इसलिए सोचा लिख ही देते हैं।
 |
| Daler Mehandi : Source-Internet |
आपको वो दौर याद होगा जब दूल्हे की बारात दलेर मेहंदी के 'हो जाएगी बल्ले बल्ले', 'काला कौवा काट खायेगा' और ' तुनक तुनक तुन' जैसे गानों के बिना आगे ही नहीं बढ़ती थी। हंस राज हंस, गुरदास मान, जसपिंदर नरूला और ऋचा शर्मा उस दौर में पंजाबी गानों के सरताज थे। इनकी आम जनता में लोकप्रियता इतनी थी कि भारतीय फिल्मों में भी पंजाबी गानों को रखने का चलन बढ़ गया। हंस के 'तोते तोते' और दलेर के "ना ना ना रे' गाने की लोकप्रियता का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि उस दौर में बच्चों को डांस क्लास में इन्हीं गानों पर सबसे पहले थिरकना सिखाया जाता था।
इसी दौरान स्टीरियो नेशन, जैज़ी बी, सुखबीर, मीका, जसबीर जस्सी और रब्बी शेरगिल ने पारम्परिक पंजाबी गानों के साथ पश्चिमी वाद्यों का तालमेल कर अपनी अलग पहचान बनाई। उस समय भारत में शादियों में डीजे का चलन शुरू ही हुआ था और शादियों में डांस फ्लोर पर नाचना नया फैशन बन गया। उस दौर में इन नए उभरते पंजाबी गायकों के गानों पर हर उम्र और पीढ़ी के लोगों ने ठुमके लगाये।
इन पंजाबी गानों की जो एक बात सबसे खास थी वो यह कि हर गायक का अपना एक अलग अंदाज था लेकिन फिर भी वह देसीपन लिए हुए था। गुरदास मान के गाने खालिस पंजाबी थे और दलेर के गानों में भांगड़ा का मजा था। मीका, सुखबीर और जसबीर के गाने डीजे पार्टियों की शान बन गए थे।
 |
| Honey Singh : Source-Internet |
इसके बाद आया हनी सिंह का दौर और वह बेशक इस समय के सबसे तेजी से उभरे सितारे हैं। लेकिन उनके आने के बाद पंजाबी गानों में एक ठहराव सा देखने को मिला या यूँ कहें पंजाबी गाने कंही खो से गए। उनका पहले एलबम 'इंटरनेशनल विलेजर' पंजाब के कई नए चेहरे थे और उसमें कुछ गाने भी थे जो पंजाबीपन से भरपूर थे।
उसके बाद दिलजीत, बिलाल, दिलबाग, मिलिंद गाबा, गिप्पी ग्रेवाल, बादशाह, रॉल और लिटिल छोटू जैसे कई सितारे आये जो इस दौर में पंजाबी गाने गा रहे हैं लेकिन इनमें सभी में एक बात जो खलती है वह है कि गायकों की अपनी कोई शैली नहीं है और गानों में जो वैरायटी होती थी वो ख़त्म हो गयी है। अब हर गाने में रैप ने एक जगह बना ली है जिनमें दो चार बातों को ही अलग अलग तरह से घुमा फिराकर कहा जाता है और उनके विषय भी तीन चार चीजों के आस पास ही घूमते हैं।
 |
| Jassi Gill : Source-Internet |
लेकिन हाल ही में आया जस्सी गिल का ' रिटर्न ऑफ मेलोडी' एलबम कुछ नयी उम्मीद जगाता है। इसमें फिर से वही पंजाब का खालिस देसीपन है। इसके गाने इन दिनों चार्टबस्टर्स में छाये हुए हैं। तो क्या यह हनी सिंह के दौर के अंत होने का इशारा करता है या लोगों का उनके अंदाज से ऊब जाने का। खैर अभी इस बात पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी, तब तक आनंद लीजिये फिर छायी इस देसी बहार का। यही तो है रिटर्न ऑफ पंजाबी गाने।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें